आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने नरसापुरम से सांसद के. रघुराम कृष्ण राजू के चार जुलाई को अपने निर्वाचन क्षेत्र जाने का मार्ग प्रशस्त कर दिया, जहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
अदालत ने कहा कि राज्य पुलिस अगर सांसद के खिलाफ कोई मामला दर्ज करती है तो वह उचित प्रक्रिया का पालन करेगी। अदालत ने कहा कि पुलिस को दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने के उसके पहले के निर्देश अभी भी उपयुक्त हैं।
इसने राज्य में सत्तारूढ़ दल वाईएसआर कांग्रेस के बागी सांसद द्वारा दायर अर्जियों पर आदेश दिया। इनमें से एक अर्जी में, राजू ने आशंका जताई थी कि अगर वह प्रधानमंत्री की यात्रा के सिलसिले में भीमावरम गए तो पुलिस उनके खिलाफ मामले दर्ज कर सकती है और उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
नरसापुरम लोकसभा क्षेत्र से वाईएसआर कांग्रेस के टिकट पर चुने गए राजू ने 2020 के मध्य में पार्टी के खिलाफ बगावत कर दी थी और वह जगन मोहन रेड्डी नीत सरकार के मुखर आलोचक हैं।


Download Android App
Download iOS App



