चेन्नई में भारी बारिश से उत्पन्न हालात पर राहुल ने व्यक्त की चिंता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की मदद की अपील

Summary :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चेन्नई में भारी बारिश के कारण उत्पन्न हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे राहत एवं बचाव कार्य में मदद करें।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चेन्नई में भारी बारिश के कारण उत्पन्न हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे राहत एवं बचाव कार्य में मदद करें। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘चेन्नई में भारी बारिश चिंता का विषय बन गई है। वहां के अपने भाइयों-बहनों से आग्रह है कि वे सुरक्षा उपायों का अनुसरण करें। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि वे राहत एवं बचाव कार्य में मदद करें। चेन्नई, अपना खयाल रखो।’’

राहुल गांधी ने एक अन्य ट्वीट में देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद जैसे स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस विकास की कल्पना की थी, उसे जमीनी स्तर पर सभी को शिक्षित करके ही हासिल किया जा सकता है।
बता दें कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव आज शाम उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश के बीच के तट को पार करेगा और शहर में 45 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विज्ञान उप महानिदेशक एस बालचंद्रन ने बताया कि चेन्नई, कांचीपुरम और विल्पुरम सहित उत्तरी तमिलनाडु के जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है, जबकि शहर और इसके उपनगरों में पूरी रात तेज बारिश हुई। कई इलाकों में पानी भर गया है।

Desk Team