संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को कहा कि 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी अगले साल अप्रैल-मई के आसपास होने की संभावना है। वैष्णव ने कहा कि दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के लिए इस साल सितंबर में घोषित राहत उपायों के साथ पहले चरण के सुधार हुए तथा सरकार आगे और भी सुधार करेगी एवं “आने वाले दो-तीन वर्षों में दूरसंचार नियामक संरचना बदलनी चाहिए।”
उन्होंने ‘टाइम्स नाउ समिट 2021’ में अपने संबोधन में कहा कि भारत के दूरसंचार क्षेत्र के विनियमन को सर्वश्रेष्ठ वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाना है और “इसलिए हम इसमें कई सुधार पेश करेंगे, ताकि भारत में विनियमन का वैश्विक मानक हासिल किया जा सके।” मंत्री ने 5जी नीलामी की समयसीमा को लेकर कहा कि नीलामी की संरचना पर ध्यान देने वाला भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) इस विषय पर विचार-विमर्श कर रहा है।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वे फरवरी के मध्य तक अपनी रिपोर्ट सौंप देंगे, शायद यह फरवरी के अंत तक भी हो, ज्यादा से ज्यादा मार्च में रिपोर्ट मिल जानी चाहिए। उसके तुरंत बाद, हम नीलामी करेंगे।” यह टिप्पणी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले दूरसंचार विभाग के चालू वित्त वर्ष के अंत तक 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी करने की उम्मीद थी।


Download Android App
Download iOS App



