डेंगू की रोकथाम में सरकार पूरी तरह फेल

Summary :

डेंगू के बढ़ते प्रकोप व बदहाल हो चुकी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने सोमवार को बुद्ध पार्क में कार्यकर्ताओं के साथ उपवास किया।

हल्द्वानी : डेंगू के बढ़ते प्रकोप व बदहाल हो चुकी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने सोमवार को बुद्ध पार्क में कार्यकर्ताओं के साथ उपवास किया। उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा और मुख्यमंत्री से स्वास्थ्य सेवाएं जल्द सुधारने की मांग की। ऐसा न होने पर उन्होंने सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि सरकार डेंगू की रोकथाम में पूरी तरह फेल रही है। 
इससे आमजन में भय व्याप्त है। सरकार व जिम्मेदार विभाग डेंगू पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। अस्पतालों में भी डेंगू से निपटने का कोई प्रबंध नहीं किया गया है। डेंगू पीड़ित लोग आये दिन जान गंवा रहे हैं। लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। डॉ हृदयेश ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में सुविधाएं नाम की कोई चीज नहीं दिख रही है। गरीबों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। 
सरकार व नगर निगम को डेंगू की रोकथाम के लिए पूर्व में ही प्रयास कर लेने चाहिए थे, पर कोई काम नहीं हुआ। लोगों में डेंगू का भय व्याप्त है। अभी डेंगू के रुकने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को गरीब मरीजों को फ्री जांच की सुविधा देनी चाहिए, लेकिन सरकार की इस पर संवेदनहीनता साफ दिख रही है। 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धरातल पर काम करने के बजाय महज बयानबाजी कर रहे हैं। सरकार पूरी तरह नियंत्रण विहीन हो चुकी है। यदि आज के उपवास के बाद भी सरकार नहीं चेती तो कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने को विवश होगी। इस दौरान पूर्व काबिना मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल ने भी सरकार को जमकर कोसा।

Desk Team