देश में तेजी से फैल रही BJP विरोधी मोर्चे की हवा? भविष्य की रणनीति पर चर्चा के लिए ठाकरे से मिलेंगे KCR

Summary :

राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा विरोधी गठबंधन बनाने के अपने प्रयासों के तहत तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव 20 फरवरी को मुंबई में अपने महाराष्ट्र समकक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी गठबंधन बनाने के अपने प्रयासों के तहत तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) 20 फरवरी को मुंबई में अपने महाराष्ट्र समकक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे। उद्धव ठाकरे ने बुधवार को चंद्रशेखर राव से फोन पर बात की और उन्हें मुंबई के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने केंद्र में भाजपा सरकार की ‘जनविरोधी’ नीतियों और संघीय न्याय के लिए तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) प्रमुख के प्रयासों को अपना पूरा समर्थन दिया है।
सीएमओ ने ठाकरे के हवाले से दी जानकारी 
सीएमओ ने ठाकरे के हवाले से कहा, शिवसेना नेता ने केसीआर की लड़ाई के लिए प्रशंसा की है और उनसे कहा है कि देश को ‘विभाजनकारी’ ताकतों से बचाने के लिए, उन्होंने सही समय पर आवाज उठाई है। आप राज्यों के अधिकारों के लिए और देश की एकता की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखें। इसी भावना के साथ आगे बढ़ें। आपको हमारा पूरा समर्थन मिलेगा। इस संबंध में, हम जनता का समर्थन जुटाने के लिए आपकी हर संभव मदद करेंगे।
केसीआर और ठाकरे भविष्य की कार्रवाई पर करेंगे चर्चा 
केसीआर को मुंबई आमंत्रित करते हुए, ठाकरे ने उनसे अनुरोध किया कि वे उनके अतिथि बनने के लिए सहमत हों। ठाकरे ने कहा, इस अवसर पर, हम भविष्य की कार्रवाई पर चर्चा करेंगे। केसीआर पहले ही भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय गठबंधन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपनी योजना की घोषणा कर चुके हैं। उन्होंने रविवार को संवाददाताओं से कहा था कि वह जल्द ही ठाकरे से मिलने मुंबई जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मुलाकात करेंगे।
2 दिनों से हो रही फोन पर बातचीत 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री दो दिनों में केसीआर से फोन पर बात करने वाले दूसरे नेता हैं। पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच. डी. देवगौड़ा ने मंगलवार को टीआरएस प्रमुख को फोन करके केंद्र में भाजपा सरकार द्वारा राजनीति के ‘धार्मिक ध्रुवीकरण’ के खिलाफ उनके द्वारा शुरू की गई लड़ाई के लिए केसीआर का समर्थन मांगा था। देवगौड़ा ने देश में सांप्रदायिक राजनीति के खिलाफ लड़ने के लिए केसीआर को बधाई दी। 
धर्मनिरपेक्षता, संस्कृति की रक्ष एके लिए केसीआर ने उठाया सही कदम 
सीएमओ ने पूर्व प्रधानमंत्री के हवाले से कहा, राव साब, आप बहुत अच्छी तरह से लड़ रहे हैं। सभी को सांप्रदायिक तत्वों के खिलाफ लड़ना चाहिए। हमारे देश की धर्मनिरपेक्षता, संस्कृति और इसकी विविध संस्कृति की रक्षा के लिए हम आपके साथ रहेंगे और आपका समर्थन करेंगे। अपनी लड़ाई जारी रखें और हमारा पूरा समर्थन आपके लिए होगा। केसीआर ने देवगौड़ा से कहा कि वह इस संबंध में बेंगलुरु जाएंगे और उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे।

Desk Team