प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बहुप्रतीक्षित हैदराबाद मेट्रो रेल का उद्घाटन करेंगे और इसका वाणिज्यिक परिचालन 29 नवंबर से शुरू होगा। मेट्रो सेवा शुरू होने से पहले एलएंडटी मेट्रो रेल हैदराबाद लिमिटेड ने किराये की घोषणा भी कर दी है।
पहले चरण में यह मेट्रो नगोले और मियापुर के बीच 30 किलोमीटर लंबी मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत मंगलवार को दोपहर 2 बजकर 45 मिनट पर प्रधानमंत्री करेंगे। इस मार्ग में 24 स्टेशन होंगे।
मोदी के साथ तेलगांना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव मियापुर से कुकतपल्ली तक मेट्रो में सफर करेंगे। तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के टी रामा राव ने कहा कि शुरुआत में मेट्रो सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए समय को सुबह 5:30 बजे से रात 11 बजे तक किया जाएगा।
उन्होंने इसे सबसे नवीन परियोजना और सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल से बनी सबसे लंबी मेट्रो रेल परियोजना बताया है। राव ने बताया कि सभी ट्रेनो में शुरुआत में 3 डिब्बे (कोच) होंगे। यात्रियों की संख्या के मद्देनजर डिब्बों की संख्या को बढ़कर 6 किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) मेट्रो के लिए फीडर सेवाएं भी शुरू करेगी।
एलएंडटी मेट्रो रेल (हैदराबाद) लिमिटेड ने हैदराबाद मेट्रो के लिए शनिवार को किराये की घोषणा की। दो किलोमीटर तक के लिए न्यूनतम किराया 10 रुपये होगा और 26 किलोमीटर से ज्यादा दूरी के लिए अधिकतम किराया 60 रुपये होगा।
इसके अलावा यात्री मेट्रो में स्मार्ट कार्ड या फिर टोकन लेकर के सफर कर सकेंगे। कंपनी ने स्मार्ट की कीमत 200 रुपये रखी है, जिसमें 100 रुपये का टॉप अप और 100 रुपये सिक्युरिटी डिपॉजिट होगा स्मार्ट कार्ड वालों को यात्रा पर 5 फीसदी की छूट मिलेगी।


Download Android App
Download iOS App



