बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार तड़के घने कोहरे के कारण 15 से ज्यादा वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह घटना मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 पर हुई।
मुजफ्फरपुर (पश्चिम) के पुलिस उपाधीक्षक क़े एम़ प्रसाद ने आईएएनएस को बताया कि कोठिया क्षेत्र के छिन्नमस्तिका मंदिर के पास कोहरे की वजह से पहले एक स्पिरिट से भरे टैंकर और कार के बीच टक्कर हुई। इसके बाद एक यात्री बस और फिर कई वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए।
उन्होंने बताया कि छोटे-बड़े 15 वाहनों की भिड़ंत हुई। वाहनों के टकराने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में अब तक एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रसाद ने कहा कि सुबह घने कोहरे की वजह से चालकों को गाड़ी चलाते समय ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस घटनास्थल से वाहनों को हटाने में जुटी हुई है।


Download Android App
Download iOS App




