भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को विधायक रीता साहू को बीजेपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिये अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर 21 अक्टूबर को उपचुनाव होना है।
पटनायक ने बरगढ़ जिले की बीजेपुर सीट से इस्तीफा दिया था। इसके कारण इस सीट पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं। बीजद अध्यक्ष ने विधानसभा चुनाव दो सीटों से जीता था। उन्होंने गंजम जिले की हिंजली विधानसभा सीट अपने पास रखी।
पटनायक ने संवाददातों को बताया, “बीजेपुर चुनाव के लिये रीता साहू बीजद की उम्मीदवार होंगी। बीजेपुर के लोगों ने मुझे जो आशीर्वाद दिया उसके लिये मैं उनका ऋणी रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि विकास और लोगों के कल्याण के लिये इस विधानसभा क्षेत्र पर ध्यान रहेगा। साहू ने 2018 में बीजेपुर सीट पर हुए उपचुनाव में बीजद उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी। इस सीट पर उनके पति और तत्कालीन कांग्रेस विधायक सुबल साहू के निधन के बाद उपचुनाव हुए थे।
साहू ने कहा, “मैं इस सीट को जीतने को लेकर आशान्वित हूं। अब मेरे चुनाव लड़ने को लेकर कोई समस्या नहीं है।”
उन्होंने माना कि स्थानीय नेताओं के एक वर्ग ने शुरू में उनके चुनाव लड़ने को लेकर विरोध किया था। कांग्रेस ने पार्टी के बरगढ़ जिला उपाध्यक्ष दिलीप कुमार पांडा को 21 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिये अपना उम्मीदवार बनाया है।
विपक्षी भाजपा ने अब तक अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर है जबकि एक अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी।


Download Android App
Download iOS App



