महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सियासत गरमा गई है। प्रदेश में महाविकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) भी शामिल है। ऐसे में एनसीपी के नेता एकनाथ खड़से ने शुक्रवार को कहा कि अगर भाजपा के कुछ नेताओं को उनकी गलतियों के लिए जेल भेज दिया गया होता तो महाराष्ट्र में वर्तमान राजनीतिक स्थिति पैदा नहीं होती। गौरतलब है कि खड़से पहले भारतीय जनता पार्टी के सदस्य थे।
सरकार को कानून और तथ्यों के मुताबिक कार्रवाई करनी चाहिए
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को कानून और तथ्यों के मुताबिक कार्रवाई करनी चाहिए। जलगांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राकांपा अध्यक्ष शरद पवार की उपस्थिति में खड़से ने यह कहा। उन्होंने कहा, “मैंने वलसे-पाटिल साहब (महाराष्ट्र के गृह मंत्री) से कई बार उन्हें (भाजपा नेताओं को) सबक सिखाने को कहा। वे (भाजपा नेता) सैकड़ों मामलों में शामिल हैं। दो. चार (भाजपा नेताओं को) को जेल भेज दिया होता तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।”
जो सच है उस पर कार्रवाई कीजिये, किसी को परेशान मत कीजिए
हालांकि, एकनाथ खड़से ने यह नहीं बताया कि “इस स्थिति” से उनका क्या तात्पर्य था, लेकिन परोक्ष रूप से उन्होंने ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों द्वारा महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार के नेताओं के विरुद्ध की गई कार्रवाई का हवाला दिया। उन्होंने कहा, “जो सच है उस पर कार्रवाई कीजिये। किसी को परेशान मत कीजिये। घृणा की राजनीति मत कीजिये। लेकिन उन्होंने जो किया है, उसके लिए उन्हें सजा दीजिये… यह लोगों की इच्छा है।”


Download Android App
Download iOS App



