प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार हर जरूरतमंद परिवार को घर उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रही है। पीएम मोदी ने ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के एक लाभार्थी के एक पत्र के जवाब में लिखा कि अपनी छत और घर पाने की खुशी अमूल्य है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योजना के लाभार्थी, मध्यप्रदेश के सागर जिले के सुधीर कुमार जैन ने मोदी को लिखे पत्र में आवास योजना को बेघर गरीब परिवारों के लिए वरदान बताया है।
सुधीर ने PM आवास योजना को बताया वरदान
जैन ने कहा कि वह किराए के मकान में रहते हैं और कई बार मकान बदल चुके हैं। उन्होंने बार-बार घर बदलने का अपना दर्द भी साझा किया। प्रधानमंत्री ने जैन को घर मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि मकान सिर्फ ईंटों और सीमेंट से बना ढांचा नहीं होता है। इसके साथ हमारी भावनाएं और आकांक्षाएं भी जुड़ी होती हैं और घर की चारदीवारी न केवल सुरक्षा प्रदान करती है, बल्कि एक बेहतर कल का विश्वास भी दिलाती है।
पक्के घर मिलने पर PM मोदी ने सुधीर को दी बधाई
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से आपके अपने घर का सपना साकार हुआ है। इस उपलब्धि के बाद आपकी संतुष्टि की भावना को पत्र में आपके शब्दों के जरिए महसूस किया जा सकता है। यह घर आपके परिवार के सम्मानजनक जीवन और आपके दोनों बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए एक नई नींव की तरह है।’’ पीएम मोदी ने कहा कि इस योजना के तहत करोड़ों लाभार्थियों को ‘‘पक्के’’ घर मिले हैं। जैन को लिखे पत्र में, प्रधानमंत्री ने कहा कि लाभार्थियों के जीवन में ये ‘‘यादगार क्षण’’, उन्हें ‘‘राष्ट्र की सेवा में अथक और बिना रुके काम करते रहने’’ की प्रेरणा देते हैं।


Download Android App
Download iOS App



