महाराष्ट्र की मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने गुरुवार को कहा कि 24 जनवरी से राज्य में कक्षा एक से नौवीं तक के स्कूलों में प्रत्यक्ष कक्षाएं फिर से शुरू की जा सकती हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें भेजे गए इस आशय के एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘इस संबंध में लिखित निर्देश आज या कल जारी किए जाएंगे।’’ महाराष्ट्र में जनवरी के पहले सप्ताह में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि और अत्यधिक संक्रामक ओमीक्रॉन स्वरूप के सामने आने के मद्देनजर स्कूल बंद कर दिए गए थे।
महाराष्ट्र में नहीं बढ़ रहे ओमीक्रॉन के मामले, संक्रमण दर में भी आई कमी
हालांकि, कई माता-पिता, क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और शिक्षकों ने स्कूलों को बंद करने के कदम का कड़ा विरोध करते हुए कहा था कि इससे छात्रों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। मुंबई में स्थानीय नगर निगम ने कक्षा एक से नौवीं तक के स्कूलों को 31 जनवरी तक बंद करने की घोषणा की थी। हालांकि, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आकलन ने संकेत दिया था कि ओमीक्रॉन से संक्रमण के मामले नहीं बढ़ रहे हैं और इसने कहा कि संक्रमण का ग्राफ नीचे गिर रहा है, जिसने अधिकारियों को स्कूलों में प्रत्यक्ष कक्षाओं को फिर से शुरू करने को लेकर प्रस्ताव देने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल प्रबंधन को टीकाकरण और स्वच्छता संबंधी तैयारियों के लिए भेजा नोटिस
गायकवाड़ ने कहा, ‘‘हमारे एसओपी बहुत सख्त और स्पष्ट हैं। हमने स्कूलों के प्रबंधन को टीकाकरण और स्वच्छता तथा समय-सारणी तैयार करने के लिए चार दिन का अग्रिम नोटिस दिया है। मौजूदा स्थिति के आधार पर समय और अन्य आवश्यक निर्णय जिलाधिकारी या नगर आयुक्त जैसे स्थानीय अधिकारी लेंगे।’’ गायकवाड़ ने बुधवार को कहा था कि राज्य में स्कूलों को फिर से खोलने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास उनकी मंजूरी के लिए भेजा गया है।


Download Android App
Download iOS App



