पटना : राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के द्वारा 4 से 6 नवम्बर को पटना के पाटलिपुत्र मैदान में कौशल भारत रोज़गार मेले का आयोजन कर रही है। मेले में राज्य स्तर से लेकर देश स्तर की 60 से ज्यादा कंपनियां प्रशिक्षण और रोज़गार उपलब्ध करा रही है | इन कंपनियों द्वारा 10 से अधिक कार्य क्षेत्रों में युवाओं के लिए कौशल प्रदर्शनी, कॉउंसलिंग सेशन और कौशल मेला आयोजित किए जा रहें हैं।
रोजगार मेले के दूसरे दिन भी रोजगार पाने को उत्सुक युवाओं और युवतियों की भाड़ी भीड़ देखी गई | हजारों युवा अपनी पसंद के रोजगार और प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर पर अपना नाम दर्ज कराते हुए दिखे, तो कई युवा अलग – अलग सेक्टर में नौकरी पाने के लिए फॉर्म भरते दिखे | इस मेले में बड़ी संख्या में छात्राओं की भी भीड़ दिखी | गांव – देहात से भी छात्राऐं यहाँ आकर जानकारी ले रही है |
इस रोजगार मेले में हिस्सा ले रहे पटना के सोनू कुमार ने बताया कि, ”अगर हम युवाओं को अपने कौशल के हिसाब से उचित अवसर मिले तो कोई भी बेरोजगार नहीं रहेगा। एनएसडीसी के द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला हमें रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है, आज कुछ कंपनियों में मैंने इंटरव्यू दिया और परिणाम भी अच्छे आए हैं, इसलिए मैं एनएसडीसी और इससे सम्बंधित सभी आयोजनकर्त्ताओं को धन्यवाद करना चाहता हूँ |”
मेले में मौजूद एक्साइड लाइफ इन्सुरेंस कंपनी के मणिकांत मिश्रा ने बताया कि, ”मुझे लगता है कि रोजगार ढूंढ रहे युवाओं के लिए काफी अच्छा मंच है | सरकार और एनएसडीसी को इस तरह का आयोजन करते रहना चाहिए | यह एक कॉमन मंच प्रदान करता है जहाँ विभिन्न प्रकार की कंपनियां और हजारों युवाएं एक साथ मिलते हैं | बच्चों को रोजगार मिल जाता है और हमें उचित उम्मीदवार |”
प्रधानमंत्री कौशल केंद पटना से आयी छात्रा ब्यूटी कुमारी ने इस मेले के बारे में कहा कि, ”यह रोजगार मेला हम युवाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है क्योंकि हमारे अंदर जो कौशल है उसके हिसाब से यहाँ पर बहुत सारी कंपनियों है | मैंने कुछ कंपनियों में इंटरव्यू दिया है और आशा करती हूँ कि मुझे मेरे पसंद का रोजगार प्राप्त होगा |”
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) अपनी तरह की अनूठी सार्वजानिक – निजी भागीदारी है जो निजी प्रशिक्षण प्रदाताओं के साथ साझेदारी में कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देती है | अब तक एनएसडीसी के पास देश के 550 से अधिक ज़िलों में 7000 से अधिक प्रशिक्षण केन्द्रों का नेटवर्क, 350 से अधिक प्रशिक्षण प्रदाता और 39 सेक्टर स्किल परिषद हैं। एनएसडीसी अब तक तकरीबन 1.4 करोड़ लोगों को 40 से अधिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान कर चुका है।


Download Android App
Download iOS App



