भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री रमेश जरकीहोली की कथित संलिप्तता वाले ‘सेक्स वीडियो’ कांड में पीड़िता द्वारा कर्नाटक सरकार पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने के आरोपों के बीच राज्य के गृहमंत्री बसावराज बोम्मई ने कहा कि प्रशासन बस सच्चाई के पक्ष में काम कर रहा है।
बोम्मई ने कहा कि हम बस सच के पक्ष में हैं। हम किसी अन्य के पक्ष में नहीं हैं। इसलिए जो भी कानूनी होगा, उसका पालन करना होगा। यही निर्दश मैंने विशेष जांच दल (एसआईटी) को दिया है।
जब उनसे उच्च न्यायालय द्वारा इस मामले में विस्तृत ब्योरा मांगे जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सारी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा। जब उनसे महिला के आरोप के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इन बातों का जवाब तो एसआईटी ही देगी।
महिला ने आरोप लगाया है कि सरकार जरकीहोली को बचा रही है। इस सेक्स वीडियो के सामने आने के बाद एक महीने पहले जरकीहोली को मंत्रिपद से इस्तीफा देना पड़ा था। दो दिन पहले महिला ने पुलिस को लिखे पत्र में आरोप लगाया था कि उनसे तीन बार पूछताछ की गई जबकि आरोपी से बस एक ही बार पूछताछ की गई।


Download Android App
Download iOS App



