मुंबई : शहर के एक ट्रस्ट ने भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की एक संपत्ति नीलामी में 3.51 करोड़ रुपये की खरीदी है। सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (एसबीयूटी) ने दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार में स्थित संपत्ति कल हुई नीलामी में 3.51 करोड़ रुपये में खरीदी। ट्रस्ट के एक प्रवक्ता ने आज यह जानकारी दी।
चार मंजिला इमारत ‘मसुल्ला’ की नीलामी केन्द्रीय वित्त मंत्रालय ने तस्कर एवं विदेश विनिमय ‘मैनीपुलेटर’ (संपत्ति जब्तगी) कानून के तहत कराई। संपत्ति का 79.43 लाख रुपये आरक्षित दाम रखा गया था और इसके लिए दो पक्षों ने बोलियां लगाईं। एसबीयूटी के अलावा दिल्ली के एक वकील भूपेंद्र भारद्वाज बोली लगाने वाले दूसरे पक्ष थे।
भारद्वाज ने कहा, ”मैंने एक करोड़ 91 लाख 43 हजार रुपये की बोली लगाई थी और सार्वजनिक नीलामी जीती थी। मैंने ‘ई बोली’ में भाग नहीं लिया जहां एसबीयूटी ने ज्यादा बोली लगाई।” किसी संपत्ति की नीलामी में तीन चरणों की प्रक्रिया होती है जिसमें सार्वजनिक नीलामी, ‘ई बिडिंग’ और सील बंद निविदाओं को खोलना शामिल है।
एसबीयूटी के एक सूत्र के अनुसार, ट्रस्ट ने ई निविदा चरण में 3.43 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी लेकिन अंतिम चरण में उसने 3.51 करोड़ रुपये में सौदा पक्का किया। नीलामी के बारे में पूछे जाने पर एसबीयूटी के प्रवक्ता ने कहा, ” ‘मसुल्ला’ इमारत रहने के लिए अयोग्य ठहराई गई है और यह किरायेदारों तथा पदयात्रियों के जीवन पर गंभीर खतरा पैद करती है।”
उन्होंने कहा, ”इसलिए, हमने नीलामी में भाग लिया और हमारी भिंडी बाजार पुनर्विकास परियोजना के तहत इमारत को फिर से विकसित करने के लिए इसे हासिल किया।”


Download Android App
Download iOS App



