हिमाचल प्रदेश में 17 फरवरी से सभी शैक्षणिक संस्थानों को खोलने का निर्णय लिया गया है। इस आशय का निर्णय मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में आज मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले कम होने पर सरकार ने स्कूलों को खोलने का फैसला लिया है। इसके अलावा जिम और सिनेमा हॉल खोलने की भी कैबिनेट में मंजूरी दी गई है। प्रदेश में 17 फरवरी से पहली से आठवीं कक्षा तक के लिए स्कूल खोल दिए जाएंगे।
17 फरवरी से खोले जाएंगे शिक्षण संस्थान
बैठक में सभी जिम और सिनेमा घरों को खोलने तथा सभी तरह के लंगरों के लिए अनुमति प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश अग्निशमन सेवा में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से अनुबन्ध आधार पर उप-अग्निशमन अधिकारी के 8 पद सृजित कर उन्हें भरने की स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही कांगड़ा जिले के धीरा में चम्बा जिले के भटियात में और मण्डी जिले के रिवाल्सर में तीन नये उप-अग्नि केंद्र खोलने तथा शिमला जिले के चिड़गांव, हमीरपुर जिले के भोरंज और अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में 3 नए फायर पोस्ट खोलने को स्वीकृति प्रदान की।
कैबिनेट की बैठक में इन मुद्दों पर बनी सहमति
कैबिनेट ने त्वरित देखभाल की आवश्यकता वाले मरीजों को नि:शुल्क परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा-108 के तहत 50 अतिरिक्त एम्बुलेंस खरीदने तथा संचालन को मंजूरी प्रदान की। वहीं अगर बात करें देश में कोरोना के दैनिक मामलों की तो संक्रमण के 34,113 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,26,65,534 हो गयी है जबकि करीब 37 दिनों बाद उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर पांच लाख से कम हो गयी है। देश में कोविड के दैनिक मामले लगतार आठवें दिन एक लाख से कम हैं।


Download Android App
Download iOS App



