पुलिस ने 12 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोप में 18 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालिका शव बुधवार सुबह को शहर में एक पहाड़ी से बरामद किया। घटना की जानकारी के बाद भोपाल लोकसभा सीट के भाजपा की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह पीड़िता के घर पहुंची और उसकी बीमार मां को उपचार के लिये अस्पताल ले गयीं।
कोहेफिजा पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोप में अविनाश साहू :18: को गिरफ्तार किया गया है। उन्होने बताया कि 16 वर्षीय बालिका रिश्तेदार के साथ मंगलवार शाम को एक शहर के पर्यटन स्थल मनुआधाम की पहाड़ी पर गयी थी। आरोपी युवक की उस पर नजर थी और अकेला पाकर लड़की को सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर उसके सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार ने बालिका के लापता होने की सूचना रात को पुलिस को दे दी थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस ने सुबह लड़की का शव बरामद किया। उन्होने बताया कि पुलिस मामले में विस्तृत जांच कर रही है। इसबीच, भोपाल लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने ट्वीट किया, ‘‘कल शाम को कोचिंग पढ़ने निकली ,भोपाल की बेटी के साथ हुई घटना से स्तब्ध हूं। प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहाल है, कमलनाथ केवल छिंदवाड़ा के मुख्यमंत्री बन कर रह गए हैं। तेरा बदला हम लेंगे बेटी।’’ घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रज्ञा सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंची और मृतका की बीमार मां को उपचार के लिये अपने साथ अस्पताल ले गयीं।


Download Android App
Download iOS App



