महाराष्ट्र में मंगलवार को कोविड-19 के 2,172 नये मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 66,61,486 हो गयी जबकि 22 और रोगियों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,41,476 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
इस बीच, राज्य के अहमदनगर जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय के आठ और विद्यार्थी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए, जिसके चलते विद्यालय में संक्रमित होने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 90 हो गयी।
महाराष्ट्र में ओमीक्रोन के 167 मामलों की पुष्टि
हालांकि, थोड़ी राहत की बात यह रही कि बीते 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप का कोई नया मामला सामने नहीं आया। राज्य में अब तक ओमीक्रोन के 167 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, राज्य में बीते 24 घंटे में 1,098 रोगी ठीक हुए, जिसके बाद संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 65,04,831 हो गई है।
संक्रमण से ठीक होने की दर 97.65 प्रतिशत
महाराष्ट्र में कोविड-19 के 11,492 मरीज उपचाराधीन हैं। संक्रमण से ठीक होने की दर 97.65 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 2.12 प्रतिशत बनी हुई है।
मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,377 नये मामले किए दर्ज , एक मरीज की मौत
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में अब तक 6,86,45,512 नमूनों की जांच की गयी है, जिनमें से 96,379 नमूनों की जांच बीते 24 घंटे में की गयी। मुंबई क्षेत्र में संक्रमण के 1,680 नये मामले सामने आये हैं और पांच मरीजों की मौत हुई। जबकि पुणे क्षेत्र में 308 नये मामले सामने आये हैं। बृह्नमुंबई महानगर पालिका की ओर से जारी एक विशेष बुलेटिन के मुताबिक, राजधानी मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,377 नये मामले दर्ज किए गए और एक मरीज की मौत हुई।


Download Android App
Download iOS App



