केरल में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 2,423 नये मामले सामने आने के साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52,32,672 हो गई है। वहीं, संक्रमण से 164 और मौतों के बाद मृतक संख्या बढ़कर 47,441 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। केरल के स्वास्थ्य विभाग की विज्ञप्ति के मुताबिक राज्य में कोरोना से मौत के नए मामलों में 149 ऐसे मामले भी शामिल हैं जिन्हें किन्हीं कारणवश पूर्व में मृतक संख्या में नहीं जोड़ा गया था।
इनमें से 15 मरीजों की मौत पिछले कुछ दिनों में हुई। विज्ञप्ति के मुताबिक केरल में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 2,879 मरीज संक्रमण मुक्त हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 51,76,535 हो गई है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 19,835 हो गयी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य के 14 जिलों में से एर्णाकुलम में सर्वाधिक 455 नये मामले सामने आए। इसके बाद तिरुवनंतपुरम में 416 जबकि कोझिकोड में कोरोना वायरस संक्रमण के 266 नये मामले दर्ज किए गए। विज्ञप्ति में कहा गया है कि केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 58,459 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। राज्य में कुल 1,10,680 लोगों को निगरानी में रखा गया है, जिसमें से 3,606 लोग विभिन्न अस्पतालों में बने पृथक-वास में भर्ती हैं।


Download Android App
Download iOS App



