सीमा विवाद में 5 पुलिसकर्मियों समेत 1 नागरिक के मारे जाने पर असम में 3 दिन का राजकीय शोक

Summary :

असम सरकार ने मिजोरम के साथ सीमा विवाद को ले कर हुए संघर्ष में पांच पुलिसकर्मियों और एक आम नागरिक की मौत पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की।

असम सरकार ने मिजोरम के साथ सीमा विवाद को ले कर हुए संघर्ष में पांच पुलिसकर्मियों और एक आम नागरिक की मौत पर मंगलवार से तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार राजकीय शोक की अवधि में राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहेगा और सार्वजनिक मनोरंजन के कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे।
असम सरकार ने किया सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला 
असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के सोमवार को अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए। इसी के मद्देनजर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यह आरक्षित वन क्षेत्र है। सैटेलाइट इमेजिंग की मदद से देख सकते हैं कि अतिक्रमण कैसे हुआ है। 
उन्होंने कहा कि असम सरकार ने इस पर (कानून) मुकदमे के साथ सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया है। यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। यह दो राज्यों के बीच सीमा विवाद है। यह लंबे समय से चला आ रहा सीमा विवाद है। उस समय भी विवाद था जब दोनों तरफ कांग्रेस की सरकार थी। यह दो राज्यों के बीच का विवाद है, दो राजनीतिक दलों के बीच नहीं।
मारे गए पांच पुलिसकर्मियों को सीएम ने अर्पित की श्रद्धांजलि 
असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने सिलचर में मंगलवार को पांचों पुलिसकर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने ट्वीट किया,‘‘ असम पुलिस के वीर कर्मियों की मौत से हम बेहद शोकाकुल है। मैं सिलचर पुलिस अधीक्षक कार्यालय गया था और मैंने वहां पांचों शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को सलाम करता हूं।’’


सीएम ने संघर्ष में घायल पुलिकर्मियों से की मुलाकात 

इससे पहले वह सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल गए और उन्होंने संघर्ष में घायल पुलिकर्मियों से मुलाकात की। सरमा ने एक अन्य ट्वीट में कहा,‘‘ घायल अधिकारियों से मुलाकात करने एसएमसीएच गया था और चिकित्सकों से उन्हें सर्वोत्तम उपचार मुहैया कराने को कहा। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता के साथ एयर एंबुलेंस के जरिए उच्च स्तरीय उपचार के लिए भेजने को कहा।’’ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री अंतर राज्यीय सीमा पर भी जा सकते हैं जहां हालात ‘‘तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं।’’

Desk Team