मध्य प्रदेश का इंदौर शहर कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित है। इंदौर में अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या सबसे ज्यादा है। ऐसे में वहां से लापरवाही की बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, इंदौर के एक होटल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर से 8 लोग भाग गए। हालांकि इन लोगों में से चार लोगों को मुरैना जिले से पकड़ लिया गया है। पकड़े गए लोगों में से 2 कोरोना के मरीज हैं।
शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) पुनीत गेहलोत ने शुक्रवार को बताया कि 40 से 60 वर्ष की उम्र के चार लोगों को इंदौर से करीब 550 किलोमीटर दूर मुरैना जिले में गुरुवार देर रात पकड़ा गया। उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य विभाग की पहले आयी रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से दो लोग जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे।”
सीएसपी ने बताया कि उत्तरप्रदेश से ताल्लुक रखने वाले चारों लोग एक मालवाहक ट्रक में सवार होकर अपने गृहराज्य में प्रवेश की कोशिश कर रहे थे। यह ट्रक उत्तर प्रदेश में ही पंजीबद्ध है। ट्रक के चालक और क्लीनर को भी चारों लोगों के साथ मुरैना में मेडिकल निगरानी में रखा गया है और उनकी सेहत की जांच की जा रही है।
देश में कोरोना महामारी से 13,387 संक्रमित मामलों की पुष्टि, अब तक 437 लोगों की मौत
गेहलोत ने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर से भागे चारों लोगों के खिलाफ इंदौर के राजेंद्र नगर पुलिस थाने में भारतीय दंड विधान की धारा 188 (सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना), धारा 270 (ऐसा घातक कार्य करना जिससे किसी जानलेवा बीमारी का संक्रमण फैलने का खतरा हो) और अन्य सम्बद्ध धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
उन्होंने बताया, “क्वारंटाइन सेंटर से भागे एक व्यक्ति की तलाश जारी है। वह भी कोविड-19 से संक्रमित है।”सीएसपी ने बताया कि राजेंद्र नगर क्षेत्र के एक होटल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर के पिछले हिस्से की चहारदीवारी फांदकर बुधवार को आठ लोग भाग गये थे। पुलिस होटल के बाहर पहरा दे रही थी।
उन्होंने बताया कि फरार लोगों में शामिल तीन कोविड-19 संक्रमितों को घटना के बाद इंदौर में ही ढूंढकर एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। इनमें से दो लोग बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक व्यक्ति राजस्थान के कोटा जिले से ताल्लुक रखता है। बता दें कि मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1299 पहुंच गया है। अकेले इंदौर में कोरोना के 842 मरीज सामने आ चुके है, वहीं शहर में अब तक 47 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



