उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर क्षेत्र में रविवार को कावंड़ियों के दो वाहनों पर एक बड़ी चट्टान गिर जाने से चार कावड़ियों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-94 पर बगडधार में अचानक चट्टान गिर जाने से वहां से गुजर रही एक टाटा सूमो और एक मोटरसाइकिल पर सवार लोग पत्थरों के नीचे दब गए।
घटना उस वक्त हुई जब कांवड़िए गंगोत्री से गंगाजल लेकर ऋषिकेश आ रहे थे। नरेंद्रनगर के पुलिस थानाध्यक्ष मनीष उपाध्याय ने बताया, ‘‘घटना में चार कांवड़ियों की मौत हो गई है जिसमें से तीन की पहचान हो चुकी है। मृतकों की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी जिले के रहने वाले लोकेश (23), जितेंद्र उर्फ सन्नी (34) और कमल सिंह (21) के रूप में हुई है।

अन्य की पहचान होना अभी बाकी है।’’ घटना में टाटा सूमो में सवार तीन लोगों जबकि मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति की मौत हुई। मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सभी आठ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स, ऋषिकेश के लिये रेफर कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



