शिमला : हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले में सोमवार को रिक्टर पैमाने पर 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान के बारे में तत्काल कोई खबर नहीं है। विभाग ने बताया कि भूकंप का केन्द्र लाहौल और स्पीति जिले में जमीन से 20 किलोमीटर की गहराई में उत्तर-पूर्व में केन्द्रित था। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह 9.03 बजे जिले में और आसपास भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
एक सप्ताह में हिमाचल प्रदेश में तीसरी बार भूकंप आया है। चंबा और किन्नौर जिलों में क्रमश: 25 और 23 जुलाई को चार और 3.3 तीव्रता का भूकंप आया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन के प्रवक्ता ने बताया कि जनवरी से अब तक राज्य में 14 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रवक्ता ने बताया कि इन सारे भूकंपों की अधिकतम गहराई 20 किलोमीटर थी। अभी तक हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा भयानक भूकंप 1905 में कांगड़ा में आया था। इसमें करीब 20,000 लोगों की मौत हो गई थी और एक लाख से ज्यादा घर गिर गए थे।


Download Android App
Download iOS App



