Ahmedabad Civil Hospital News: गुजरात के अहमदाबाद शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिसे जानने के बाद सभी माता-पिता अपने छोटे बच्चों को लेकर सतर्क हो जाएंगे। दरअसल यहां एक डेढ़ साल के मासूम बच्चे ने खेलते समय गलती से प्लास्टिक का एक छोटा खिलौना निगल लिया।
यह खिलौना सुपरहीरो ‘हल्क’ के आकार का था, जिसमें हाथ और पैर भी लगे हुए थे। खिलौना निगलने के कुछ ही समय बाद बच्चे को घबराहट होने लगी और लगातार उल्टियां शुरू हो गईं। उसकी हालत बिगड़ती देख परिवार के लोग तुरंत उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे की पहचान वंश के रूप में हुई है।
Ahmedabad Civil Hospital News: एक्स-रे में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने बच्चे का एक्स-रे कराया। रिपोर्ट देखकर सभी हैरान रह गए क्योंकि बच्चे के पेट में कोई छोटा टुकड़ा नहीं बल्कि पूरा खिलौना फंसा हुआ था। डॉक्टरों ने तुरंत एंडोस्कोपी के जरिए खिलौना बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि यह काम आसान नहीं था, क्योंकि खिलौना काफी बड़ा था और पेट में मौजूद हवा की वजह से बार-बार फिसल रहा था।

Child Swallowed Toy: इलाज के दौरान आई बड़ी चुनौती
बच्चे का इलाज कर रहे डॉक्टर राकेश जोशी ने बताया कि सबसे बड़ी परेशानी खिलौने को खाने की नली और पेट के बीच मौजूद प्राकृतिक वाल्व से सुरक्षित तरीके से बाहर निकालना था। अगर खिलौना और अंदर आंतों तक पहुंच जाता, तो आंत फटने का खतरा हो सकता था और फिर ऑपरेशन की जरूरत पड़ सकती थी। ऐसे में मेडिकल टीम ने बेहद सावधानी और धैर्य से काम लिया। काफी कोशिशों के बाद डॉक्टरों ने खिलौने को उसके सिर के हिस्से से मजबूती से पकड़कर सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। सौभाग्य से बच्चे को कोई स्थायी नुकसान नहीं हुआ।
Ahemdabad Hospital News: मां की सतर्कता से बची बच्चे की जान
यह घटना 18 जनवरी की बताई जा रही है। बच्चे की मां भाविकाबेन को तब शक हुआ जब वंश लगातार उल्टियां करने लगा। उन्होंने घर में मौजूद खिलौनों को देखा तो पाया कि ‘हल्क’ का छोटा प्लास्टिक खिलौना गायब था। जब बच्चे से पूछा गया तो उसने इशारों में बताया कि उसने उसे निगल लिया है। मां की समझदारी और समय पर अस्पताल ले जाने की वजह से बच्चे की जान बच सकी।

डॉक्टरों और परिवार की खास अपील
इलाज के बाद वंश अब पूरी तरह स्वस्थ है। बच्चे के पिता भावेशभाई साहनी ने डॉक्टरों की टीम का धन्यवाद करते हुए अन्य माता-पिता से बच्चों पर नजर रखने की अपील की। डॉक्टर जोशी ने भी कहा कि छोटे बच्चे अक्सर खेलते समय चीजें मुंह में डाल लेते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकती हैं।
इसलिए माता-पिता को हमेशा बच्चों के आसपास की चीजों पर ध्यान देना चाहिए। यह घटना सभी अभिभावकों के लिए एक बड़ी सीख है। छोटे खिलौने, सिक्के या प्लास्टिक की वस्तुएं बच्चों की पहुंच से दूर रखें। थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है, जबकि समय पर सावधानी बच्चों की जान बचा सकती है।
यह भी पढ़ें: कसाई निकला बाप! सरपंच बनने के लालच में 6 साल की मासूम बेटी का किया मर्डर; पूरी घटना सुनकर कांप जाएगा कलेजा


Download Android App
Download iOS App




