महाराष्ट्र के औरंगाबाद में कोरोना प्रतिबंधों के बावजूद एक मस्जिद में नमाज अदा करने जा रहे एआईएमआईएम सांसद इम्तियाज जलील को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कोरोना वायरस महामारी के कारण सभी धार्मिक स्थल श्रद्धालु के लिए बंद हैं।
एआईएमआईएम के स्थानीय सांसद एवं पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने पिछले हफ्ते कहा था कि अगर राज्य सरकार सभी धार्मिक स्थलों को फिर से नहीं खोलती है तो वह मस्जिद में नमाज अदा करेंगे। अधिकारी ने बताया कि जलील को उस समय हिरासत में लिया गया जब वह शाहगंज मस्जिद जा रहे थे।
उन्हें शहर के पुलिस आयुक्त के कार्यालय ले जाया गया। जलील ने कहा कि यदि राज्य सरकार सभी धार्मिक स्थानों को खोलने में विफल रहती है तो राज्य भर में इस तरह के आंदोलन होंगे। पुलिस आयुक्त चिरंजीव प्रसाद ने कहा कि जलील को उनके कार्यालय के पास हिरासत में लिया गया।
उन्होंने कहा, “हमने जलील को राज्य सरकार द्वारा जारी नए दिशानिर्देशों से अवगत कराया है। भविष्य में जरूरत पड़ने पर हम कार्रवाई करेंगे।” शहर में यहां शिवसेना और एआईएमआईएम के कार्यकर्ता उस समय आमने-सामने आ गए जब जलील ने घोषणा की कि वह खड़केश्वर मंदिर जाएंगे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मंदिर खोलने की मांग करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



