केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को फोन करके राज्य में चक्रवाती तूफान तौकते से निपटने के लिए की गयी तैयारियों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। शाह ने राज्य की मौजूदा स्थिति के अलावा चक्रवात से निपटने के लिए उपलब्ध संसाधनों तथा आपात परिस्थिति के लिए तैनात किए गए केन्द्रीय और राज्य सरकार की एजेंसियों के बारे में भी जानकारी मांगी।
गृह मंत्री ने गोवा के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र और दमन एवं दीव में चक्रवात से निपटने के लिए की गयी तैयारियों की भी समीक्षा की और साथ ही कहा कि हर संभव तरीके से कोविड-19 के मरीजों के इलाज के साथ अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने के प्रयास किए जाएं।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गांवा में चक्रवात के कारण हुई अलग अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई जबकि सैकड़ों घरों का नुकसान पहुंचा और बिजली के खंभे एवं पेड़ उखड़ गए। मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान ‘तौकते’ अगले 24 घंटे में और तीव्र हो सकता है और यह गुजरात के तट की ओर बढ़ रहा है।


Download Android App
Download iOS App



