ओडिशा में गांजा तस्करी में शामिल होने से गुस्साई भिड़ ने पुलिस थाने में लगाई आग

Summary :

देश इन दिनों हिंसा की आग में जल रहा है और इन सब के बीच एक बार फिर से एक राज्य के हिंसा में झुलसने की खबर सामने आ रही है

देश इन दिनों हिंसा की आग में जल रहा है और इन सब के बीच एक बार फिर से एक राज्य के हिंसा में झुलसने की खबर सामने आ रही है। जहां ओडिशा के एक पुलिस थाने को भीड़ ने आग के हवाले कर दिया। मामला फुलबनी जिले के फिरिंगिया ब्लॉक का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, भीड़ ने शनिवार को इलाके में गांजा तस्करी में पुलिस की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए घटना को अंजाम दिया।
प्रतिबंधित पदार्थ की तस्करी में शामिल
स्थानीय लोगों के आरोपों के अनुसार, फिरिंगिया पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक तपन कुमार नाहाका और उनके  कर्मचारी प्रतिबंधित पदार्थ की तस्करी में शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, 3 अगस्त को गांजे से लदी एक पुलिस वैन को फिरिंगिया सरपंच, पूर्व सरपंच और स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। इस दौरान वाहन कथित तौर पर एक तस्कर को मादक पदार्थ बेचने के लिए बुधखंभा गांव जा रहा था।  
कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और कंधमाल एसपी को भेजकर आईआईसी और पुलिस स्टेशन के अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई शुरू नहीं होने पर गुस्साए स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और फिरिंगिया ब्लॉक चौक पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी स्थानीय लोगों ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आईआईसी के खिलाफ नारे भी लगाए।
पुलिस रक्षक की जगह भक्षक बन गए 
स्थानीय सरपंच जलंधरा कन्हारा ने कहा कि पुलिस, जो रक्षक है, भक्षक बन गई है। हमने पुलिस अधिकारियों को उस समय पकड़ा है जब वे अपनी शक्ति का दुरुपयोग करके गांजा की तस्करी कर रहे थे। हमारे पास वीडियो है। जब भी आवश्यकता होगी हम इसे प्रस्तुत करेंगे। हम पुलिस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।
  

Desk Team