हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी) : राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ से जुड़े पूर्व दर्जाधारी विनोद आर्य के छोटे बेटे पुलकित आर्य के हाथ अपने ही रिजोर्ट की मासूम कर्मचारी अंकिता के कत्ल से सने जाने का खुलासा होने पर हरिद्वारवासी भी सन्न है। पुलकित आर्य के दामन पर कत्ल के छीटें जो आज पड़े है, उसकी बड़ी जिम्मेदारी आर्य परिवार की भी बनती है। आर्य परिवार ने अपने बिगड़ैल रईसाजादे पुलकित आर्य पर कभी नकेल कसी ही नहीं थी। पिछले कई वर्षों पर नजर डाले तो उसकी कारसतानियों की एक लंबी फेहरिस्त है। उसकी उलजलूल हरकतों का सिलसिला बढ़ता ही चला गया, आज जिसका परिणाम एक मासूम के कत्ल के तौर पर सामने है। दो दिन पूर्व भी पिता पूर्व दर्जाधारी विनोद आर्य बड़ी ही बेशर्मी के साथ अपने लफंगे बेटे की पैरवी करते हुए साफ साफ नजर आ रहे थे, अगर उन्होंने पिता की जिम्मेदारी कभी बखूबी निभाई होती तो लाडली आज जिंदा होती। कामुकता में लिप्त अय्याश रईसजादे ने सभी सीमाएं लांध दी थी। आरएसएस से जुड़े आर्य परिवार में इस तरह के संस्कार होना भी अपने आप में हैरान कर देने वाली बात है। इस तरह के लोग आरएसएस से जुड़े होते नहीं है। आरएसएस में सौम्य, शिक्षित और व्यवहारिक लोग होते है, ऐसा सुना और देखा जाता है।
गुस्साए ग्रामीणों ने पुलकित के वनंत्रा रिजोर्ट में की तोड़फोड़
गंगाभोगपुर स्थित वनंतरा रिसॉर्ट से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर उसका शव चीला नहर में फेंक दिया गया। मुख्य आरोपित हरिद्वार के भाजपा नेता का बेटा ही निकला। पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि अंकिता ने रिसॉर्ट का भेद खोलने की धमकी आरोपियों को दी थी। आईपीसी की धारा 302,201 और 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है।पौड़ी जनपद के यमकेश्वर ब्लॉक अंतर्गत राजस्व क्षेत्र गंगाभोगपुर स्थित वनंतरा रिसॉर्ट में श्रीकोट गांव, पट्टी नांदलस्यूं, जनपद पौड़ी गढ़वाल निवासी अंकिता भण्डारी 19 पुत्री वीरेंद्र सिंह भण्डारी रिसेप्शनिस्ट के रूम में काम करती थी। लेकिन बीती 18 सितंबर को वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। 19 सितंबर को रिसॉर्ट संचालक पुलकित आर्य ने राजस्व पुलिस को तहरीर दी। राजस्व पुलिस चौकी उदयपुर तल्ला में गुमशुदगी का मुकदमा पंजीकृत किया गया।क्षेत्रवासियों का लगातार दबाव बनने पर डीएम पौड़ी ने बीती 22 सितंबर को मामला लक्ष्मणझूला पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। एक दिन बाद ही पुलिस ने मामला वर्कआउट कर दिया। शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक पौड़ी शेखर सुयाल ने लक्ष्मणझूला थाने में पत्रकारों को घटना की जानकारी दी। बताया कि 18 सितंबर रात्रि को ही लापता रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर उसका शव चीला नहर में फेंक दिया गया।मुख्य आरोपित रिसॉर्ट संचालक ही निकला है। तीनों आरोपित पुलिस को भी गुमराह कर रहे थे। बताया कि धारा 302,201 और 120 बी में केस दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया है। यह भी जानकारी दी कि बीते रोज ही मामले में छह लोग को हिरासत में लेते हुए पुलिस ने रिसॉर्ट में ताला जड़ दिया था।
अंकिता ने रिसॉर्ट का भेद खोलने की धमकी दी थी
पुलिस के मुताबिक 18 सितंबर रात्रि को रिसॉर्ट में पुलकित और अंकिता के बीच विवाद हो गया था। जिस पर पुलकित, अंकित और सौरभ दो दुपहिया वाहनों पर बैठकर उसे मनाने के लिये ऋषिकेश लेकर आने लगे। बैराज चौकी से करीब सवा किलोमीटर पहले तीनों चीला नहर के किनारे बैठकर शराब पीने लगे।
इस बीच फिर अंकिता और पुलकित के बीच फिर विवाद होने लगा। अंकिता ने रिसॉर्ट का भेद खोलने की धमकी दे डाली। जिस पर पुलकित ने अंकिता का मोबाइल नहर में फेंक दिया। दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। जिस पर तीनों ने अंकिता को नहर में धक्का दे दिया। नहर में गिरने के बाद वह दो बार तेज बहाव में ऊपर आकर चिल्लाई और कुछ देर बाद बह गई।
चीला नहर क्षेत्र में भेजी गई एक टीम
एएसपी पौड़ी शेखर सुयाल ने बताया कि इस मामले में हत्या का मामला दर्ज करते हुए लक्ष्मणझूला पुलिस ने एक टीम चीला नहर क्षेत्र में भेजी है। एसडीआरएफ की टीम चीला शक्तिनहर में शव की तलाश में रेस्क्यू कर रही है। जरूरत पड़ी तो चीला नहर को कुछ समय के लिये बंद भी करवाया जायेगा।
गिरफ्तार आरोपी:
रिसॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य 35 पुत्र विनोद आर्य निवासी आर्यनगर, हरिद्वार
प्रबंधक सौरभ भास्कर 35 पुत्र शक्ति भाष्कर निवासी सूरजनगर, थाना ज्वालापुर,हरिद्वार
सहायक प्रबंधक अंकित गुप्ता 19 पुत्र राजेन्द्र गुप्ता निवासी 42 ए दयानंदनगरी,ज्वालापुर, हरिद्वार।
अंकिता भंडारी हत्या मामले में लोगों में लोगों में आक्रोश है। आज आक्रोशित ग्रामीणों ने वनंत्रा रिजॉर्ट में तोड़फोड़ करते हुए आग लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने बमुश्किल ग्रामीणों को रोका। खबर है कि ग्रामीणों ने पुलकित आर्य को कोर्ट ले जा रही पुलिस की गाड़ी को रोककर उसमें तोड़फोड़ की, इसके साथ ही आरोपियों की भी पिटाई की गई।वनंत्रा रिजॉर्ट का मालिक पुलकित आर्य निवासी हरिद्वार पूर्व राज्य मंत्री भाजपा नेता विनोद आर्य का बेटा है। यह पुलकित आर्य लॉकडाउन में भी विवादों में आया था। जब उत्तर प्रदेश के विवादित नेता अमरमणि त्रिपाठी के साथ उत्तरकाशी में प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गया था।

Download Android App
Download iOS App



