कृषि कानून के खिलाफ मंगलवार यानी कल किसान संगठनों ने भारत बंद का आह्वान किया है। किसानों के इस बंद को विपक्षी दलों का पूर्ण समर्थन मिल रहा है। महाराष्ट्र के मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने सोमवार को किसानों के समर्थन में हर व्यक्ति को ‘भारत बंद’ में भाग लेने के लिए कहा है।
चव्हाण ने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश में कहा कि केंद्र इन तीनों नए कानूनों को रद्द किए जाने की प्रदर्शनकारी किसानों की मांग को नहीं सुनना चाहता। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने कानून को रद्द नहीं करने और वापस नहीं लेने का अड़ियल रवैया अपना लिया है। दिल्ली में तापमान बहुत कम है, इसके बावजूद किसान प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए हैं।’’
पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने कहा, ‘‘मंगलवार को आहूत भारत बंद बहुत महत्वपूर्ण है। आंदोलन की मजबूती दिखाने और केंद्र सरकार को जगाने के लिए हरेक व्यक्ति को इस बंद का समर्थन करना चाहिए।’’ गौरतलब है कि किसान संगठनों की ओर से केंद्र सरकार द्वारा लागू तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान दिल्ली की सीमाओं पर 26 नवंबर से डटे हुए हैं।
किसानों ने जनता से अपील की है कि वे मंगलवार को आहूत ‘भारत बंद’ को अपना समर्थन दें। भारत बंद को विभिन्न राजनीतिक पार्टियों कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, माकपा और द्रमुक ने अपना समर्थन दिया है।


Download Android App
Download iOS App



