चुनाव आयोग ने असम के मंत्री व बीजेपी-नेता हेमंत बिस्वा सरमा को नोटिस जारी किया है। कांग्रेस की शिकायत पर आयोग ने विपक्षी दल बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के नेता हग्रामा मोहिलरी के खिलाफ कथित तौर पर धमकाने वाली टिप्पणियां करने के लिए गुरुवार को कारण बताओ नोटिस भेजा।
बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट असम में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी है। कांग्रेस ने यह आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग का रुख किया था कि सरमा ने राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) का दुरुपयोग कर मोहिलरी को जेल भेजने की धमकी दी है। नोटिस में हेमंत बिस्वा सरमा को दो अप्रैल शाम पांच बजे तक जवाब देने को कहा गया है।
बता दें कि असम की कुल 126 विधानसभा सीटों में से दूसरे चरण की 39 सीटों पर मतदान जारी है। असम में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच है। बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन में असोम गण परिषद (एजीपी) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) भी शामिल हैं।
वहीं, कांग्रेस के गठबंधन में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, आंचलिक गण मार्चा (AGM) और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



