असम के मंत्री चंद्रमोहन पटवारी के एक कथित बयान को लेकर राज्य के तिनसुकिया जिले में बृहस्पतिवार को उनके पुतले फूंके गए और प्रदर्शन हुए। पटवारी ने एक दिन पहले ऑयल इंडिया लिमिटेड के गैस कुएं में आग की घटना को कथित तौर पर कमतर बताने की कोशिश की थी।
पटवारी ने एक राहत शिविर में प्रभावित लोगों के साथ बातचीत करते हुए बुधवार की रात कहा था कि बगजान में लगी आग की घटना रूस और ईरान जैसे देशों में होने वाली घटनाओं की तुलना में कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा था कि रूस में एक बार आग लगभग 80 दिनों तक लगी रही थी। ईरान में भी इस तरह की आग लग चुकी है।
हालांकि कोई भी पत्रकार उनके साथ नहीं था, लेकिन ग्रामीणों में से एक ने लोगों के साथ बातचीत का वीडियो बनाया और बृहस्पतिवार को कुछ स्थानीय पत्रकारों के साथ इसे साझा किया। इस फुटेज के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की नाराजगी दिखी। वहीं लोग तिनसुकिया में सड़कों पर उतर आए और मंत्री तथा भाजपा नीत सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस विधायक रूपज्योति कुर्मी ने संवाददाताओं से कहा कि पटवारी 14 दिनों के बाद आए और यहां आने के बाद वह ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं कि रूस, ईरान में इससे भी बड़ी घटनाएं हुयी हैं। ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन की तिनसुकिया जिला इकाई ने पटवारी के पुतले फूंके और उनके बयान की निंदा की।।


Download Android App
Download iOS App



