कर्नाटक में बोले राहुल गांधी-हमारे इतिहास को विकृत करती है नई शिक्षा नीति

Summary :

कर्नाटक के तुमकुर में राहुल गांधी ने नई शिक्षा नीति (New Education Policy), सावरकर और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही कांग्रेस नेता पीएफआई के खिलाफ हुई कार्यवाही पर भी बयान दिया।

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की “भारत जोड़ो यात्रा” इन दिनों कर्नाटक में भ्रमण कर रही है। राज्य के तुमकुर में शनिवार को राहुल गांधी ने नई शिक्षा नीति (New Education Policy), सावरकर और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही कांग्रेस नेता पीएफआई के खिलाफ हुई कार्यवाही पर भी बयान दिया।
तुमकुर में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम नई शिक्षा नीति का विरोध कर रहे हैं क्योंकि यह हमारे देश के लोकाचार पर हमला है, यह हमारे इतिहास को विकृत करती है। यह कुछ लोगों के हाथ में शक्ति केंद्रित करता है। हम एक विकेंद्रीकृत शिक्षा प्रणाली चाहते हैं जो हमारी संस्कृति को दर्शाती है।
सावरकर को अंग्रेजों से मिल रहा था वजीफा 
कांग्रेस नेता ने कहा, मेरी समझ के मुताबिक RSS अंग्रेजों की मदद करते थे और सावरकर को अंग्रेजों से वजीफा मिल रहा था। ये ऐतिहासिक तथ्य है… स्वतंत्रता संग्राम में कहीं भी भाजपा नहीं दिखेगी। यह कांग्रेस पार्टी के नेता थे जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई की, जिन्होंने जेल में कई साल बिताया। महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, वल्लभ भाई पटेल, उन्होंने अंग्रेजों से लड़ते हुए अपनी जान दे दी।
नफरत और हिंसा राष्ट्र-विरोधी कार्य : राहुल 
हाल ही में PFI के खिलाफ हुई कार्यवाही पर राहुल ने कहा, इससे फर्क नहीं पड़ता कि नफरत फैलाने वाले व्यक्ति कौन हैं और  किस समुदाय से आते हैं। नफरत और हिंसा फैलाना एक राष्ट्र-विरोधी कार्य है और हम हर उस व्यक्ति के खिलाफ लड़ेगे जो नफरत फैलाएगा। दरअसल, PFI के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर प्रतिबंधित संगठन का समर्थन करने का आरोप लगाया था।

Desk Team