बंगाल में बड़ा सियासी घटनाक्रम, TMC में शामिल हुए BJP सांसद बाबुल सुप्रियो

Summary :

बीजेपी सांसद बाबुल सुप्रियो ने टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

बीजेपी के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो राजनीति से सन्यास के ऐलान के बाद आज टीएमसी में शामिल हो गए। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने सुप्रियो को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
हाल ही में बाबुल सुप्रियो ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। टीएमसी ने एक ट्वीट में कहा, ”आज राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन की मौजूदगी में पूर्व केंद्रीय मंत्री व मौजूदा सांसद बाबुल सुप्रियो तृणमूल परिवार में शामिल हो गए।”


पिछले महीने सुप्रियो ने घोषणा की थी कि वह राजनीति छोड़ रहे हैं, लेकिन बाद में उन्हें लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा नहीं देने के लिए मना लिया गया था। सुप्रियो ने जोर देकर कहा था कि वह अब सक्रिय राजनीति का हिस्सा नहीं रहेंगे।

बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए आसनसोल के सांसद सुप्रियो ने कहा था कि वह एक सांसद के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना जारी रखेंगे, लेकिन राजनीति से दूर रहेंगे। साथ ही वह राष्ट्रीय राजधानी में अपना आधिकारिक आवास खाली कर देंगे।

Desk Team