गोवा में सत्तारूढ़ बीजेपी की एक सहयोगी पार्टी महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) ने सोमवार को कहा कि वह अगले महीने निर्धारित उपचुनाव में सभी तीनों विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शिरोडा, मंड्रेम और मासपुसा के सभी तीन विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को राज्य में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ उपचुनाव होना है।
एमजीपी, मनोहर पर्रिकर की अगुवाई वाली सरकार का एक गठबंधन सहयोगी है। इस गठबंधन में गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) और निर्दलीय भी शामिल हैं। कांग्रेस विधायकों के विधानसभा और पार्टी से इस्तीफा देने तथा बीजेपी में शामिल होने के कारण शिरोडा और मंड्रेम सीटों पर उपचुनाव हो रहा है।
बीजेपी विधायक फ्रांसिस डिसूजा के निधन के बाद मापुसा की सीट खाली हुई है। एमजीपी के अध्यक्ष दीपक धवलीकर ने बताया कि उनकी पार्टी विधानसभा की सभी तीनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी। धवलीकर ने पूर्व में कहा था कि वह शिरोडा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि दो अन्य सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम पर पार्टी की केन्द्रीय समिति की एक सप्ताह के भीतर होने वाले बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
संपर्क करने पर गोवा बीजेपी के अध्यक्ष विनय तेंदुलकर ने कहा कि वे एमजीपी को समझाने का प्रयास करेंगे कि उपुचुनाव में अपने प्रत्याशियों को मैदान में ना उतारें। उन्होंने कहा, ‘‘हम उनसे चर्चा करेंगे और मैं आश्वस्त हूं कि वह हमारे विचारोंका सम्मान करेंगे।’’ इस बीच, जीएफपी अध्यक्ष विजय सरदेसाई और राज्य के राजस्व मंत्री एवं निर्दलीय विधायक रोहन खाउंटे ने कहा कि वह गठबंधन के अधिकारिक प्रत्याशियों का समर्थन करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



