कंगना मामले पर सीएम जयराम ठाकुर का बयान – हिमाचल की बेटी का अपमान सहन नहीं कर सकते

Summary :

अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना के बीच जारी तनातनी का मुद्दा अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है और इस मुद्दे में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी कंगना के समर्थन में उतर आये है।

अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना के बीच जारी तनातनी का मुद्दा अब सियासी तूल पकड़ता जा रहा है और इस मुद्दे में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी कंगना के समर्थन में उतर आये है। बीजेपी के दिग्गज नेताओं में शुमार जयराम ठाकुर ने कंगना की तस्वीर ट्विटर पर शेयर करते हुए ट्वीट करके कहा हिमाचल की बेटी का अपमान सहन नहीं कर सकते।
जयराम ठाकुर ने शिवसेना और महाराष्ट्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा हम हिमाचल की बेटी का अपमान सहन नहीं कर सकते। महाराष्ट्र सरकार ने हिमाचल की बेटी कंगना रणौत के साथ जो राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से अत्याचार किया है यह अत्यंत चिंताजनक एवं निंदनीय है। हमारी सरकार व देश की जनता इस घटनाक्रम में हिमाचल की बेटी कंगना के साथ खड़ी है।

इससे पहले जयराम ठाकुर ने अभिनेत्री कंगना रनौत के मुंबई स्थित बंगले का एक हिस्सा नगर निकाय द्वारा ढहाये जाने की बुधवार को निंदा की और कहा कि वह राज्य की ‘‘एक बेटी हैं’’ और और उन्हें उनके क्षेत्र में काम करने के लिए एक ‘‘उचित माहौल’’ मिलना चाहिए। 
मुख्यमंत्री ठाकुर ने कहा कि रनौत के कार्यालय को ढहाने का कदम एक चिंता का विषय है। ठाकुर ने कहा कि बॉलीवुड अभिनेत्री को एक नोटिस दिया गया था लेकिन प्रक्रिया पूरी किये बगैर ढहाने का कदम उठाया गया। ठाकुर ने कहा, ‘‘हम इस कदम की निंदा करते हैं।’’ 
बता दें , बीते बुधवार शिवसेना नियंत्रित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने 33 वर्षीय अभिनेत्री के बांद्रा स्थित बंगले में ‘‘अवैध परिवर्तनों’’ को ढहा दिया था ।बीएमसी के इस एक्शन पर कंगना का कहना था महाराष्ट्र सरकार उन्हें शिवसेना के साथ उनकी लड़ाई के चलते निशाना बना रही है। 
बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने रनौत के मनाली स्थित आवास पर सुरक्षा मुहैया करायी है। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा मुहैया करायी गई वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा के तहत सीआरपीएफ के 11 कमांडों रनौत के साथ रहेंगे। ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सर्वश्रेष्ठ कदम उठाएगा।  

Ujjwal Jain