पाकिस्तान में प्रशिक्षित आतंकवादियों के समुद्र के रास्ते गुजरात में घुसने की आशंका के मद्देनजर खुफिया एजेंसियों द्वारा जारी अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने शुक्रवार को कहा कि आतंकी हमले को नाकाम बनाने के लिये हर संभव कदम उठाए गए हैं। वह कच्छ जिले का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
रुपाणी ने जिला मुख्यालय भुज में कहा, “कच्छ एक सीमावर्ती जिला है। एक हाईअलर्ट जारी किया है और राज्य सरकार ने इसे गंभीरता से लिया गया है। हमनें सभी जरूरी कदम उठाए हैं। हर कोई हाईअलर्ट पर है।” कच्छ में आतंकियों के घुसपैठ की आशंका के खुफिया इनपुट के बाद राज्य के तटीय क्षेत्र में पिछले दो दिनों से सुरक्षा बढ़ाई गई है।
कांडला और मुंद्रा जैसे प्रमुख बंदरगाहों समेत महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक (सीमावर्ती रेंज) डी बी वाघेला ने गुरुवार को कहा था, “कांडला बंदरगाह समेत कच्छ जिले में सभी प्रमुख प्रतिष्ठानों” की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संविधान के अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को रद्द करने के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर यह कदम उठाए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



