कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने गुरुवार को कहा कि सरकार ”लव जिहाद” के नाम पर धर्मांतरण पर लगाम लगाने के लिए कड़े कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ”हाल ही में कर्नाटक में लव जिहाद के नाम पर धर्मांतरण की खबरें आई हैं। मैंने इस बारे में अधिकारियों से बात की है। दूसरे राज्य क्या कर रहे हैं या क्या नहीं कर रहे, यह अलग बात है। लेकिन कर्नाटक में इस पर लगाम लगाई जाएगी।”
मंगलुरु में बीजेपी की राज्य कार्यकारिणी की सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा, ”राज्य की युवा लड़कियों का प्यार और पैसे के नाम पर बहला-फुसलाकर धर्मातंरण किया जा रहा है। हमने इस पर गंभीरता से विचार किया है। काफी-विचार विमर्श के बाद, हम कड़ा कदम उठाएंगे।”
इससे पहले कर्नाटक के गृह मंत्री बासवराज बोम्मई ने बुधवार को कहा था कि सरकार शादी के लिए धर्मांतरण को रोकने को लेकर कानून लाने पर विचार कर रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने भी हाल ही में ट्वीट किया था कि इलाहबाद हाई कोर्ट के आदेश को ध्यान में रखते हुए कर्नाटक में शादी के लिए धर्मांतरण को रोकने को लेकर कानून लाया जाएगा। इलाहबाद हाई कोर्ट ने हाल ही में एक मामले की सुनवाई के दौरान कहा था कि शादी करने के लिए धर्मांतरण किया जाना वैध नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



