मध्यप्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में अनेक स्थानों पर पड़ रही कड़के की ठंड के बीच अगले 24 घंटों के दौरान चार जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि पूर्वी मध्यप्रदेश में आने वाले बैतूल और दतिया और पश्चिमी हिस्से में आने वाले खजुराहो, नौगांव और ग्वालियर जिले में अगले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं शीतलहर चल सकती है। इन स्थानों को छोड़कर राज्य के शेष स्थानों पर मौसम शुष्क रहने के आसार है।
राज्य के पश्चिमी हिस्से में आने वाले बैतूल, भोपाल, दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, होशंगाबाद, इंदौर, खंडवा, खरगौन, पचमढी, राजगढ, शाजापुर श्योपुर, शिवपुरी और उज्जैन इन सभी स्थानों पर दोनों तापमान में दो से तीन के बीच गिरावट रही। यह स्थिति इन क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से बनी हुई है। वैज्ञानिको ने अनुमान जताया है कि फिलहाल इस हिस्से में 12 जनवरी तक विशेष परिवर्तन के आसार नही है। कुछ स्थानों पर तापमान में घट-बढ़ होती रहेगी।
इसी प्रकार प्रदेश के पूर्वी हिस्से में आने वाले छिंदवाड़, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, नौगांव, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, सीधी, टीकमगढ़ और उमरिया में अधिकतम तापमान के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट रही है। राज्य के इन इलाकों में भी यही स्थिति पिछले तीन दिनों से बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि इस हिस्से में भी 12 जनवरी तक विशेष परिवर्तन के आसार नही है। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में आने वाले अनेक स्थानों पर ठंड से जनजीवन पर काफी प्रभाव पड़ है। इन दोनों ही हिस्सों में दोपहर के समय ठंड का असर तो कम रहता है, लेकिन शाम के बाद ठंड का तेवर बढ़ने लगता है और ऐसी स्थिति अलसुबह तक बनी रहती है। वनांचलों में अलसुबह कोहरे का प्रभाव भी देखा गया। शाम के बाद बाजारों की रौकन भी फीकी पड़ने लगती है।
वैज्ञानिकों ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान पर्यटन नगरी खजुराहो में शीतलहर का काफी प्रभाव रहा। इसके चलते जनजीवन पर काफी असर देखा गया। इसके अलावा नौगांव, बैतूल, ग्वालियर और दतिया जिले में भी शीतलहर ने कल काफी सितम ढाया। इसके असर से बेहाल रहे लोगों ने घर में समय गुजारा। प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड खजुराहो में रहा। यहां न्यूनतम तापामन 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश की राजधानी भोपाल में दिन के पहर में ठंड का असर कम रहता है। लेकिन शाम के बाद ठंड का असर आहिस्ता-आहिस्ता बढ़ने लगता है। यह स्थिति यहां पिछले तीन दिनों से बनी हुई है। यहां अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा।


Download Android App
Download iOS App



