कोरोना वायरस ने अपने बढ़ते प्रकोप के कारण देश में कोहराम मचा रखा है, यह हाल देश के कई राज्यों का है, इनमें महाराष्ट्र का नाम भी शामिल है। कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार सख्त है। इस बीच महाराष्ट्र के बीड जिले में लॉकडाउन लगा दिया गया है। जिले में लॉकडाउन की अवधि 26 मार्च से 4 अप्रैल तक रहेगी।
जिलाधिकारी ने लॉकडाउन पर दिशानिर्देश जारी करते हुए कहा कि इस दौरान मैरज हॉल, होटल सहित सभी कार्यालय बंद रहेंगे। लोगों को घरों से बाहर निकलने की भी मनाही रहेगी वहीं किराने की दुकानें, दूध और दवा जैसी जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुली रहेंगी। इसके अलावा सभी स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे।
बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच नागपुर में लॉकडाउन 31 मार्च तक लागू रहेगा। पहले यहां 15 मार्च से 21 मार्च तक के लिए लगाया गया था। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में परभणी जिले कोविड-19 मामलों में वृद्धि को देखते हुए आज से 31 मार्च तक लॉकडाउन के तहत रखा जाएगा। मध्य प्रदेश की सरकार कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर कुछ शहरों में रविवार को लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है।
महाराष्ट्र सरकार ने पहले से ही नागपुर में 31 मार्च तक लॉकडाउन लगाया हुआ है। वहीं दूसरी तरफ, दिल्ली सरकार ने भी सार्वजनिक स्थानों पर होली मनाने से रोक लगा दी है। महाराष्ट्र के अलावा पंजाब, गुजरात में भी कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए नाइट कर्फ्यू जैसे कड़े कदम उठाए गए हैं। गुजरात के अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में 31 मार्च तक नाइट कर्फ्यू है।
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस को लेकर बहुत ही चिंताजनक स्थिति बन गई है क्योंकि पिछले 24 घंटों में 47,262 नए मामले दर्ज हुए हैं। नवंबर की शुरूआत के बाद से यह अब तक के सबसे बड़े दैनिक मामले हैं। इसके साथ ही देश में अब कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,17,34,058 पर पहुंच गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महाराष्ट्र, पंजाब और गुजरात चिंता की बड़ी वजह बने हुए हैं क्योंकि इन तीनों ही राज्यों में रोजाना सबसे ज्यादा मामले दर्ज हो रहे हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र में 28,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए। इसके अलावा 132 लोगों की मौत हो गई।


Download Android App
Download iOS App



