भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करना कांग्रेस की संस्कृति: नरोत्तम मिश्रा

Summary :

भाजपा के दिग्गज नेता और प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्राने कहा कि कांग्रेस के नेता कोरोना वायरस के नाम पर सनसनी फैलाकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे है।

मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान की सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा अकसर तीखी बयानबाजी के चलते सुर्खियों में रहते है। लेकिन फिलहाल नरोत्तम ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन पर बड़ा आरोप लगाया। मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के नेता कोरोना वायरस के नाम पर सनसनी फैलाकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहे है। 
मिश्रा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ कोरोना संक्रमण और टीकाकरण से संबंधित आंकड़ को लेकर सनसनी फैलाकर सुर्खियां बटोरना चाहते हैं। इस बारे में जब भी उनसे तथ्यपूर्ण जानकारी मांगी जाती है तो बगलें झांकने लगते हैं। उन्होंने कहा कि भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करना कांग्रेस की संस्कृति बन गयी है।
गृह मंत्री ने बुरहानपुर जिले के नेमावर घटना की केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच कराने की कांग्रेस की मांग को लेकर कहा कि सीबीआई जांच की मांग करने वाली कांग्रेस पहले यह बताए कि वह सीबीआई पर भरोसा करती भी है या नहीं। उन्होंने कहा कि उनके नेता पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सीबीआई पर कई बार सवाल उठा चुके हैं। नेमावर घटना के सभी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। वैसे कांग्रेस की फितरत है, घर बैठे हर मुद्दे पर सवाल उठाना।
मिश्रा ने प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने तकनीकी मापदंड और लोड टेसि्टंग से पहले ही नसरुल्लागंज में पुल का उद्घाटन कर दिया। ऐसा कर उन्होंने लोगों की जान को खतरे में डालने का काम किया। यदि कोई दुर्घटना हो जाती तो उसका जिम्मेदार कौन होता। उन्होंने कहा कि इस कारण उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

Desk Team