कैब और एनआरसी के मुद्दे पर कांग्रेस विधायकों ने असम विधानसभा परिसर में लेटकर प्रदर्शन किया

Summary :

प्रश्नकाल के बाद मुद्दा उठाने को कहा तो दोनों दलों के सदस्य सदन के बीचोंबीच आ गए। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी की और तख्तियां लहराईं।

असम विधानसभा के शीतकालीन सत्र की बृहस्पतिवार को हंगामे के बीच शुरुआत हुई। विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों ने नागरिकता (संशोधन) विधेयक और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) की अंतिम सूची के मुद्दे को उठाने के लिए कार्यस्थगन प्रस्ताव के स्वीकार नहीं किए जाने के बाद सदन के बाहर लेटकर प्रदर्शन किया। 
जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई चार नवनिर्वाचित विधायकों को सदन की सदस्यता दिलाए जाने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस और एआईयूडीएफ ने कार्यस्थगन प्रस्ताव के जरिये इन दोनों मुद्दों को उठाया। 
जब विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी और प्रश्नकाल के बाद मुद्दा उठाने को कहा तो दोनों दलों के सदस्य सदन के बीचोंबीच आ गए। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी की और तख्तियां लहराईं। 
इसके बाद वे सदन से वॉकआउट कर गए। इसके बाद कांग्रेस विधायक सदन के प्रवेश द्वार पर इकट्ठे हुए बरामदे में लेट गए। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्ष के विधायकों के बिना सदन की कार्यवाही सामान्य रूप से चलती रही। 

Desk Team