कांग्रेस प्रत्याशी अतानासियो मोंसेरेट ने पणजी विधानसभा सीट पर अगले महीने होने वाले उपचुनाव के लिए शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर और कांग्रेस संगठन के अन्य नेताओं के साथ मोंसेरेट ने यहां जिला निर्वाचन अधिकारी के पास नामांकन पत्र दायर किया। राज्य के पूर्व मंत्री पणजी सीट पर 19 मई को होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन दायर करने वाले पहले प्रत्याशी हैं। यह सीट पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के 17 मार्च को निधन के कारण खाली हुई है।
संवाददाताओं के साथ बातचीत में कवलेकर ने कहा कि कांग्रेस भाजपा से सीट छीनने को लेकर आश्वस्त है। उन्होंने कहा, ‘‘लोग कांग्रेस पार्टी को बड़े पैमाने पर समर्थन कर रहे हैं और आप पणजी उपचुनाव में भी इसका प्रभाव देखेंगे।’’ गोवा फॉरवर्ड पार्टी के उपाध्यक्ष मोंसेरेट ने स्थानीय संगठन से इस्तीफा दे दिया था और इस महीने की शुरूआत में कांग्रेस में शामिल हुए थे। भाजपा ने अभी तक पणजी सीट के लिए अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।


Download Android App
Download iOS App



