महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का विस्फोट जारी है। संक्रमितों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 16,408 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 7,80,689 तक पहुंच गया है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग के मुताबिक 296 और मरीजों की मौत हो जाने से राज्य में इस महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़ कर 24,399 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि करीब 7,690 मरीजों के इस रोग से उबरने के बाद उन्हें रविवार को अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। इसके साथ, राज्य में अब तक 5,62,401 मरीज संक्रमण मुक्त हो गये हैं। राज्य में कोविड-19 मरीजों की मृत्यु दर 3.13 प्रतिशत है। राज्य में अभी 1,93,548 मरीज इलाजरत हैं।
बताते चले की देशभर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार संक्रमितों का आंकड़ा 35,42,733 तक पहुंच गया है और 63,498 लोग की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 27,13,933 लोग ठीक हो चुके हैं।