ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड में रूस के साथ संयुक्त चैंपियन बना भारत, PM मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई

Summary :

फिडे ने कहा, फिडे के अध्यक्ष आकार्डी वोरकोविच ने दोनों टीमों को ऑनलाइन शतंरज ओलम्पियाड में स्वर्ण पदक देने का फैसला किया है। इसी के साथ भारत ने शतरंज ओलंपियाड का फाइनल मैच जीतकर इतिहास रच दिया है। ऑनलाइन हुए शतरंज ओलंपियाड में भारत पहली बार विजेता बना है।

रविवार को ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड का फाइनल भारत और रूस के बीच खेला गया जो नाटकीय अंदाज में खत्म हुआ और शतरंज की वैश्विक संस्था फिडे ने दोनों देशों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया। दरअसल, बीच मैच के दौरान इंटरनेट और सर्वर की खराबी के चलते मैच एक तरफ से रूक गया, जिसके बाद फिडे ने भारत और रूस को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया। 
फिडे ने ट्वीट कर कहा, फिडे के अध्यक्ष आकार्डी वोरकोविच ने दोनों टीमों को ऑनलाइन शतंरज ओलम्पियाड में स्वर्ण पदक देने का फैसला किया है। इसी के साथ भारत ने  शतरंज ओलंपियाड का फाइनल मैच जीतकर इतिहास रच दिया है। ऑनलाइन हुए शतरंज ओलंपियाड में भारत पहली बार विजेता बना है।
भारतीय टीम के नॉन प्लेइंग कप्तान श्रीनाथ नारायण ने कहा, हमें फिडे की तरफ से बताया गया है कि दूसरे मैच के दौरान हमारी तीन खिलाड़ी- के. हम्पी, निहाल सरीन और दिव्या देशमुख सर्वर में समस्या के कारण लॉग आउट हो गए थे। उन्होंने कहा, हमने एक निष्पक्ष समाधान के बारे में कहा था-इन तीनों गेमों के रिप्ले को। भारत ने फिर अपील की। फिडे ने ट्वीट किया, शतरंज ओलम्पियाड फाइनल के दूसरे मैच में दो भारतीय खिलाड़ियों निहाल सरीन और दिव्या देशमुख गेम के दौरान कनेक्शन टूट गया था और समय चला गया। भारत ने आधिकारिक तौर पर अपील की। इसकी अब जांच की जा रही है।
भारत ने यह कहते हुए अपील की है कि यह समस्या चेस डॉट कॉम के कारण थी। पहला मैच 3-3 के स्कोर पर खत्म हुआ, जिसमें सभी छह मैच ड्रॉ रहे। भारत की हम्पी और रूस की कैटेरीना लागुओ का मैच शानदार रहा। 41वीं चाल पर हालांकि हम्पी जीत का मौका गंवा बैठीं और गेम ड्रॉ रहा। बाकी के गेम भी ड्रॉ रहे। दूसरे मैच में भारत ने हरिकृष्णा और प्रागानंधन के स्थान पर विश्वनाथ आनंद और निहाल सरीन को उतारा। रूस ने तीन बदलाव किए। डेनिल डुबोव, आंद्रे स्पेंको और एलेक्ड्रा गोरीयाचकीना को उतारा और सारना, अर्टीमेव और लागुओ को उतारा। दूसरे मैच में पहला गेम विदित गुजराती और डुवोव के बीच था, जिसका परिणाम ड्ऱॉ रहा। इसके बाद हरिका और आनंद ने भी ड्रॉ खेला।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2020 ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड में रूस के साथ संयुक्त चैंपियन बने भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा,‘‘हमारे शतरंज खिलाड़ियों को फिडे ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड जीतने पर बधाई। उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण सराहनीय है। उनकी सफलता निश्चित तौर पर अन्य शतरंज खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। मैं रूसी टीम को भी बधाई देता हूं।’’

Desk Team