मध्यप्रदेश में कोरोना का प्रकोप जारी, बीते 24 घंटे में 1,532 नए केस

Summary :

प्रदेश के स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से भोपाल में पांच, इंदौर में चार, ग्वालियर, जबलपुर एवं खरगोन में दो-दो तथा खंडवा, होशंगाबाद, सतना, टीकमगढ़ एवं अशोकनगर में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। संक्रमितों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 1,532 नए केस सामने आए हैं और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 63,965 तक पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 20 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 1,394 हो गयी है।
प्रदेश के स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से भोपाल में पांच, इंदौर में चार, ग्वालियर, जबलपुर एवं खरगोन में दो-दो तथा खंडवा, होशंगाबाद, सतना, टीकमगढ़ एवं अशोकनगर में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।’’ उन्होंने बताया, ‘‘राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 393 मौत इंदौर में हुई हैं। भोपाल में 285, उज्जैन में 80, सागर में 53, जबलपुर में 80, ग्वालियर में 48, बुरहानपुर में 25, खंडवा में 22 एवं खरगोन में 28 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में सोमवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 272 नये मामले इंदौर जिले में आये हैं, जबकि भोपाल में 189, ग्वालियर में 195, जबलपुर में 135 एवं शिवपुरी में 56 नये मामले आये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 63,965 संक्रमितों में से अब तक 48,657 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं और 13,914 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार को 1190 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल 5,216 निषिद्ध क्षेत्र हैं।

Desk Team