महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामलों के एक दिन बाद सोमवार को दैनिक मामलों में कुछ कमी के साथ 24,645 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही राज्य में महामारी के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 25,04,327 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार राज्य में महामारी से 58 और मरीजों की मौत के साथ मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 53,457 हो गई है।
महाराष्ट्र में रविवार को संक्रमण के 30,535 और शनिवार को 27,126 नए मामले सामने आए थे। 18 मार्च को राज्य में महामारी के 25,833 नए मामले सामने आए थे। इससे पहले सितंबर में सर्वाधिक दैनिक मामलों की संख्या 24,896 थी। राज्य के विभिन्न अस्पतालों से आज 19,463 लोगों को छुट्टी दी गई। इसके साथ ही महाराष्ट्र में महामारी को मात देने वालों की संख्या 22,34,330 हो गई है। मुंबई में महामारी के सर्वाधिक 3,262 मामले सामने आए।


Download Android App
Download iOS App



