आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 8,096 नए मामले सामने आए हैं और 67 मरीजों की मौत हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
इसके बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर छह लाख के पार पहुंच गई और मृतकों की संख्या 5,244 हो गई। इस दौरान राज्य में कोविड-19 के 11,803 मरीज ठीक हो गए। राज्य सरकार की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया कि संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 6,09,558 हो गई है।
राज्य में अब तक कोविड-19 के 5,19,891 मरीज ठीक हो चुके हैं और वर्तमान में 84,423 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के 5,244 मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में कोविड-19 के मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 85.29 प्रतिशत हो गई है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना वायरस का विस्फोट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकडों के अनुसार देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 52,14,677 तक पहुंच गई है और 84,372 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 41,12,551 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



