देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप बरकरार है। इस वायरस का कहर अनेक राज्यों में बुरी तरह फैल चुका है। इस बीच आंध्र प्रदेश में कोरोना के 59 नए मामले सामने आए हैं। राज्य का एक मात्र ग्रीन जोन विजयनगरम गुरुवार को आरेंज जोन में चला गया क्योंकि पहली बार यहां संक्रमण के तीन मामले सामने आये। वहीं पिछले 24 घंटे में 56 नये मामले सामने आने से राज्य में कुल मामले बढ़कर 1,833 हो गए। विजयनगरम के आरेंज जोन सूची में शामिल होने के साथ ही राज्य में अब कोई भी जिला कोरोना वायरस मुक्त नहीं बचा है।
सरकारी बुलेटिन में विजयनगरम में वायरस के प्रसार के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई लेकिन आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि जिले की 60 वर्ष की एक महिला विशाखापत्तनम में गुर्दे की बीमारी का इलाज कराते हुए वायरस से संक्रमित हुई। बाद में उसके परिजन भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं कि उसे संक्रमण कैसे हुआ और उसके संक्रमण का स्रोत क्या है।
इस बीच आंध्र प्रदेश में कोविड-19 हॉटस्पॉट कुरनूल, गुंटूर और कृष्णा जिलों में पिछले 24 घंटे में क्रमश: सात, 10 और 16 नए मामले सामने आये। इससे इन जिलों में कुल मामले बढ़कर क्रमश: 540, 373 और 316 हो गए। विशाखापत्तनम में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि जारी है क्योंकि वहां सात और व्यक्ति पिछले 24 घंटे में संक्रमित पाये गए। इससे जिले में कुल मामले 46 हो गए। बुलेटिन के अनुसार, कडप्पा में छह, एसपीएस नेल्लोर में चार और अनंतपुरमू में तीन नये मामले सामने आये।
कोविड-19 से नहीं मिल पाएगा जल्द निजात, देश में कोरोना का खतरा अमेरिका से कम : सत्येंद्र जैन
कुरनूल और कृष्णा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। इससे राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 38 हो गई। पिछले 24 घंटे में 51 मरीजों को गुंटूर, कुरनूल, कृष्णा, अनंतपुरमू, चित्तूर, नेल्लोर और विशाखापत्तनम के अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। इसके साथ ही, राज्य में अब तक ठीक हुए व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 780 हो गई। राज्य में अभी की स्थिति के अनुसार कोविड-19 से संक्रमित 1,015 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में अब तक 1,49,361 नमूने की जांच की गई है जिनमें गुरुवार सुबह नौ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटे में जांच किये गए 8,087 नमूने शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



