भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को गोवा जाने के रास्ते में महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में ई-पास (ऑनलाइन तरीके से जारी यात्रा दस्तावेज) के बिना यात्रा करते हुए रोक लिया गया ।
यह घटना बुधवार सुबह अंबोली में घटी जब यह युवा क्रिकेटर शॉ अपनी कार से गोवा जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि पास जारी होने के बाद उन्हें जाने दिया गया।वह कोरोना वायरस के मामलों के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के स्थगित होने के बाद मुंबई में अपने घर लौटे थे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक वह छुट्टियां मनाने गोवा जा रहे थे।
महाराष्ट्र सरकार ने महामारी की दूसरी लहर को रोकने के यात्रा के लिए पास जरूरी कर दिया है। शॉ ने ई-पास के लिए आवेदन किया था, लेकिन वह जारी होने से पहले ही गोवा के लिए निकल पड़े थे।अधिकारी ने कहा कि उनके पास आवेदन के बदले जारी हुआ टोकन था।
उन्होंने कहा कि पुलिस के द्वारा अंबोली में रोके जाने के बाद उन्होंने फिर से ऑनलाइन पास के लिए आवेदन किया, जो एक घंटे में मिल गया। इसके बाद उन्हें यात्रा जारी रखने की अनुमति दे दी गयी।


Download Android App
Download iOS App



