महाराष्ट्र : रेप की शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने के लिए अपराधियों ने की दंपत्ति की कपड़े उतारकर पिटाई

Summary :

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना 24 फरवरी को औरंगाबाद में सरकारी अस्पताल के पास हुई, लेकिन घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के संज्ञान में आया।

महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, 29 वर्षीय एक महिला पर बलात्कार का केस वापस लेने का दवाब बनाते हुए अपराधियों ने महिला और उसके पति के कपड़े उतार कर पिटाई कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना 24 फरवरी को औरंगाबाद में सरकारी अस्पताल के पास हुई, लेकिन घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के संज्ञान में आया। 
उन्होंने कहा, ‘‘दंपत्ति रात को करीब 8 बजकर 20 मिनट पर जब ऑटो रिक्शा में घर जा रहे थे, उनके पास बैठे एक व्यक्ति ने उन्हें कुछ सूंघाकर बेहोश कर दिया। वे उन्हें एक कमरे में ले गए और 2016 में महिला द्वारा दर्ज कराए गए बलात्कार के मामले को वापस लेने का दबाव बनाया।’’ उन्होंने बताया कि आरोपियों ने दम्पत्ति के कपड़े उतारकर बेल्ट से पिटाई की और उनपर पेट्रोल डालकर डराने की कोशिश की। 
अधिकारी ने कहा, ‘‘सोमवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद दम्पत्ति से सम्पर्क किया गया और हत्या की कोशिश, आपराधिक धमकी, भादंवि की अन्य संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत तोपखाना थाने में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।’’ पुलिस के मुताबिक पिटाई करने वालों में तीन लोग महिला के रिश्तेदार हैं। अहमदनगर के प्रभारी पुलिस अधीक्षक सागर पाटिल ने बताया कि मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। 

Desk Team