भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के चेयरमैन रजनीश कुमार ने रविवार को कहा कि कर्ज की मांग कमजोर बनी हुई है और अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि हालाकि अर्थव्यवस्था में कर्ज मांग की कमी है जबकि कर्ज की आपूर्ति को लेकर कोई दिक्कत नहीं है क्योंकि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के पास कर्ज देने को धन पर्याप्त रूप से उपलब्ध है।
कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अर्थव्यवस्था में कर्ज की मांग नरम है। अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने की जरूरत है।’’ वह क्षेत्र में शाखा प्रबंधकों के साथ विचार-विमर्श के लिये यहां आये थे।
उन्होंने कहा,‘‘कर्ज आपूर्ति को लेकर कोई बाधा नहीं है। कमोबेश सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के पास पर्याप्त पूंजी है और ब्याज दर भी नरम है।’’
एसबीआई प्रमुख ने उम्मीद जतायी कि मानसून का सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से खर्च बढ़ने और आने वाले त्यौहारों के दौरान मांग बढ़ेगी।


Download Android App
Download iOS App



